विहिप की त्रिपुरा इकाई ने केंद्र से बांग्लादेश में हिन्दुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया

Ads

विहिप की त्रिपुरा इकाई ने केंद्र से बांग्लादेश में हिन्दुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - August 9, 2024 / 06:04 PM IST,
    Updated On - August 9, 2024 / 06:04 PM IST

अगरतला, नौ अगस्त (भाषा) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की त्रिपुरा इकाई ने केंद्र से पड़ोसी देश में अशांति के मद्देनजर बांग्लादेश में रहने वाले हिंदू परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

विहिप के प्रांतीय मंत्री शंकर रॉय ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार के गिरने के बाद से अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है, उपद्रवियों ने उनके घरों और व्यवसायों को लूट लिया है और आग लगा दी है।’’

रॉय ने आरोप लगाया कि बहुसंख्यक समुदाय हिंदुओं को धमकी दे रहा है, उन्हें देश छोड़ने के लिए कह रहा है और साथ ही हिंदू महिलाओं की गरिमा को भी ठेस पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम विहिप के केंद्रीय नेतृत्व के संपर्क में हैं। उन्होंने हमें सूचित किया है कि बांग्लादेश में अशांति एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा है। वे बांग्लादेश में हिंदुओं के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार पर दबाव डाल रहे हैं।’’

विहिप पदाधिकारी ने केंद्र से कहा कि वह इस मुद्दे को ढाका की नई सरकार के समक्ष उठाए और यह सुनिश्चित करे कि हिंदुओं पर हमला नहीं किया जाए या उन्हें देश छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया जाए।

इससे पहले, टिपरा मोथा के अध्यक्ष प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने बांग्लादेश के कोमिला में 135 साल पुराने महाराजा बीर चंद्र पुस्तकालय में तोड़फोड़ किए जाने पर चिंता व्यक्त की। इस घटना में किताबें और कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड जला दिए गए थे।

उन्होंने बृहस्पतिवार को एक फेसबुक पोस्ट में लिखा, ‘‘बांग्लादेश के कोमिला में 135 साल पुराने महाराजा बीर चंद्र पुस्तकालय में तोड़फोड़ की गई और ऐतिहासिक पुस्तकों को जलाया गया। यह दिखाता है कि उनके मन में हमारे लिए कितना प्यार है। लेकिन हम प्रतिक्रिया नहीं देंगे और संयम दिखाएंगे, क्योंकि अगर हम ऐसा करते हैं, तो हमारे अल्पसंख्यक वहां पीड़ित होंगे।’’

भाषा ब्रजेन्द्र ब्रजेन्द्र दिलीप

दिलीप