चंडीगढ़, 26 जून (भाषा) कनाडा में रह रहे अनिवासी भारतीय जगमान समरा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि धार्मिक बेअदबी वाले विवादित वीडियो में वह नहीं हैं, बल्कि उनसे मिलता-जुलता व्यक्ति है जिसने समरा द्वारा मुहैया कराया गया नकाब पहना था।
जगमान समरा ने इस बात से इनकार किया कि उन्होंने मान जैसा दिखने वाला मास्क बनवाया और किसी और को उसे पहनाकर वीडियो बनाया।
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) नेता बिक्रम सिंह मजीठिया द्वारा बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया में समरा का एक वीडियो संदेश साझा किया गया जिसमें उन्होंने विवादित वीडियो में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है।
समरा ने कहा, ‘‘न तो किसी ने मुझे मुख्यमंत्री का मास्क लाकर दिया और न ही मैंने किसी को भुगतान किया। अगर किसी ने मुझे यह दिया था, तो उसे सामने आना चाहिए।’’
उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि ‘फर्जी’ फोरेंसिक रिपोर्ट प्राप्त करने की क्या जरूरत थी।
भगवंत मान ने मोहाली में बृहस्पतिवार को मीडिया से बातचीत में दोहराया कि वह उस वीडियो में नहीं थे और दावा किया कि आपत्तिजनक क्लिप में दिख रहे व्यक्ति ने उनके चेहरे जैसा दिखने वाला मास्क पहना हुआ था।
उन्होंने दावा किया कि कनाडा में रहने वाले एक व्यक्ति, जिसकी पहचान उन्होंने जगमान समरा के तौर पर की, ने एक मास्क भेजा था, जिसे कार से पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री ने एक और वीडियो दिखाया और दावा किया कि समरा वही मास्क पकड़े हुए है। उन्होंने दावा किया कि जिस ‘ब्लैकमेलर’ के हाथ में यह मास्क है, उसने इसे किसी और व्यक्ति को पहनाया और एक वीडियो बनाया।
सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था अकाल तख्त ने 15 जून को वीडियो की सामग्री को लेकर मान के खिलाफ एक आदेश जारी किया था।
भाषा धीरज संतोष
संतोष