गुरुग्राम, 23 अगस्त (भाषा) गुरुग्राम के एक महंगे रेस्तरां में परोसे गए भोजन में कथित तौर पर जिंदा कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद रेस्तरां में साफ-सफाई के मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
यह घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे गोल्फ कोर्स रोड स्थित वन होराइजन सेंटर के ‘पॉल’ रेस्तरां में हुई, जहां ग्राहक सुलभ माथुर अपने दोस्तों के साथ नाश्ता करने पहुंचे थे।
माथुर के अनुसार, जब उन्होंने अपने सैंडविच का करीब आधा हिस्सा खा लिया था, तभी उन्होंने मांस के अंदर एक सफेद रंग के जिंदा कीड़े को रेंगते हुए देखा।
माथुर ने भोजन का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर साझा कर दिया।
उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘‘गुरुग्राम के होराइजन सेंटर स्थित पॉल रेस्तरां में आज बेहद चौंकाने वाली घटना हुई।’’
उन्होंने बताया कि इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इस रिपोर्ट को लिखे जाने तक इसे 13 लाख से अधिक बार देखा जा चुका था।
सोशल मीडिया के कई उपयोगकर्ताओं ने घटना को लेकर रेस्तरां प्रबंधन की आलोचना की और महंगे रेस्तरां में साफ-सफाई के मानकों पर सवाल उठाए।
बाद में रेस्तरां प्रबंधन ने माथुर से माफी मांगी, जिसका स्क्रीनशॉट उसने सोशल मीडिया पर साझा किया।
इस संबंध में रेस्तरां प्रबंधन से बार-बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन विभाग अपने स्तर पर मामले की जांच कर रहा है।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश