(फाइल फोटो के साथ)
जयपुर, 26 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) गांव के विकास का आधार हैं क्योंकि वे जरूरतमंदों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाते हैं तथा ग्रामीणों के सपनों को पूरा करने में योगदान भी देते हैं।
उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं को धरातल पर उतारने में ग्राम विकास अधिकारी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
अपने आवास पर राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वीडीओ यह सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाते हैं कि कल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें और सरकारी नीतियां जमीनी स्तर पर क्रियान्वित हों।
शर्मा ने अधिकारियों से “विकसित गांव–शहरी वार्ड” अभियान में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने जल और बिजली उपलब्धता सुधारने के प्रयासों का उल्लेख किया, जिनमें रामजल सेतु लिंक जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने के कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने औद्योगिक निवेश और रोजगार बढ़ाने की पहल, रेहड़ी-पटरी वालों के लिए योजनाएं और महिला सशक्तीकरण कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि सरकार ने वीडीओ कैडर को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ पद सृजित किए हैं, पदोन्नति नियमों को सरल बनाया है और ग्रेच्युटी सीमा को 25 लाख रुपये तक बढ़ाया है।
शर्मा ने 2026-27 के बजट में वेतनमान और पदोन्नति से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय समिति बनाने की घोषणा की।
एक संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि सरपंच और वीडीओ आपस में गहराई से जुड़े हैं तथा मिलकर ग्रामीण विकास की रीढ़ बनते हैं।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार