नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) अभिनेता और हास्य कलाकार वीर दास ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के मुद्दे को लेकर लाइव प्रस्तुति देने वाले कलाकारों की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए उनसे छात्रों का समर्थन करने की अपील की है।
वीर दास ने मंगलवार को अपने ‘इंस्टाग्राम’ अकाउंट पर एक संदेश में कहा कि जो कलाकार आज लोगों के मुद्दों पर चुप हैं, वही बाद में उन्हीं लोगों से अपने कार्यक्रमों में आने और उनका समर्थन करने की अपेक्षा रखते हैं।
उन्होंने लिखा, ‘‘अगर आप लाइव प्रस्तुति देने वाले भारतीय कलाकार हैं तो आपको यह समझना चाहिए कि लोगों के मुद्दों पर कुछ न बोलना और बाद में उन्हीं लोगों को टिकट बेचने की कोशिश करना कितना बड़ा पाखंड है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप जनता के सरोकारों पर मूकदर्शक बने रहते हैं और फिर उम्मीद करते हैं कि वही लोग आपके लिए आवाज उठाएं और आपका समर्थन करें। यह तरीका काम नहीं करता। भारत की कॉन्सर्ट अर्थव्यवस्था युवाओं के समर्थन और उनकी भागीदारी पर ही टिकी है।’’
वीर दास ने कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि कुछ लोग कहते हैं कि वे ‘राजनीतिक नहीं हैं’, लेकिन इसका वास्तविक अर्थ अक्सर यह होता है कि वे मौजूदा स्थिति से सहज हैं। मेरी राय में यह मुद्दा अब राजनीति या दलगत विचारों का नहीं रह गया है। आप छात्रों की चिंता के मुद्दों को मंच देकर भी उनका समर्थन कर सकते हैं।’’
नयी दिल्ली में सोमवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के बैनर तले ‘चलो संसद’ मार्च का आयोजन किया गया था। इसमें हजारों प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और प्रश्नपत्र लीक तथा शिक्षा क्षेत्र में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में संसद की ओर मार्च किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और प्रदर्शन को रोकने के लिए बल प्रयोग किया।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव