विश्व हिंदू परिषद ने कर्नाटक में हिजाब की अनुमति का विरोध किया
विश्व हिंदू परिषद ने कर्नाटक में हिजाब की अनुमति का विरोध किया
मंगलुरु (कर्नाटक), 19 मई (भाषा) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने कर्नाटक के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों छात्राओं को हिजाब पहनने की अनुमति देने के राज्य सरकार के निर्णय का विरोध किया है।
विहिप के क्षेत्रीय सचिव शरण पंपवेल ने मंगलवार को युवाओं से इस कदम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए आरोप लगाया कि यह कदम “तुष्टीकरण की राजनीति” और “धार्मिक कट्टरता” को बढ़ावा देता है।
यहां विहिप कार्यालय विश्वश्री में पंपवेल ने संवाददाताओं से कहा कि शैक्षणिक संस्थानों को अनुशासन और एकरूपता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार हिजाब की अनुमति देकर महाविद्यालय परिसरों की पवित्रता भंग कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से विद्यार्थियों और युवाओं के बीच नाराजगी पैदा हुई है। पंपवेल ने दावा किया कि कुछ विद्यार्थी अब इस नीति के जवाब में भगवा शॉल पहनकर स्कूल और कॉलेज जाने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठन सरकार के इस निर्णय के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। कर्नाटक के कई हिस्सों में पूर्व में हिजाब के विवादों के संदर्भ में पंपवेल ने कहा कि दक्षिण कन्नड़ जिले में अभी तक ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है।
हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई संगठन इस जिले में हिजाब संबंधी विवाद खड़ा कर अशांति पैदा करने का प्रयास करता है तो हिंदू संगठन इसका कड़ा विरोध करेंगे।
भाषा सं राजेंद्र राजकुमार
राजकुमार

Facebook


