तिहाड़ जेल में हत्या के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

तिहाड़ जेल में हत्या के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

तिहाड़ जेल में हत्या के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: May 7, 2026 / 12:31 pm IST
Published Date: May 7, 2026 12:31 pm IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने ‘ज्योति बाबा’ गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो तिहाड़ जेल के अंदर हुई एक हत्या के मामले में वांछित था।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपी अपनी अंतरिम जमानत की अवधि पूरी होने के बाद फरार हो गया था और अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान नजफगढ़ निवासी राकेश उर्फ टिंकू (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अर्ध स्वचालित ब्रेटा पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए हैं।

अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पंकज कुमार ने एक बयान में बताया कि पांच मई को अपराध शाखा की टीम को ज्योति बाबा गिरोह के गुर्गे राकेश की गतिविधियों के बारे में पुख्ता जानकारी मिली थी और एक टीम ने जाल बिछाकर उसे धर दबोचा।

गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे काबू कर लिया।

उन्होंने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते राकेश उर्फ टिंकू ने अपने साथी सचिन उर्फ छिकारा और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर तिहाड़ जेल के अंदर राम निवास नामक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। इस संबंध में हरि नगर थाने में हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

अधिकारी ने बताया कि राकेश के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और शस्त्र कानून सहित 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ शस्त्र कानून की धाराओं के तहत एक नया मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

भाषा नोमान जितेंद्र वैभव

वैभव


लेखक के बारे में