देहरादून, आठ अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड एसटीएफ ने उधमसिंह नगर जिले में छह साल पहले हुए पार्षद प्रकाश सिंह धामी हत्याकांड में शामिल 25,000 रु के इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया । एक अधिकारी ने यह जानकारी दी ।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने यहां बताया कि तड़के मुखबिर से आरोपी शूटर के उधमसिंह नगर जिले के मुख्यालय रुद्रपुर में होने के संंबंध में मिली एक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एसटीएफ एवं पुलिस की एक संयुक्त टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया और पंडित (32) को गिरफ्तार किया ।
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के मुरैना जिले का निवासी पंडित एक अंतरराज्यीय शूटर है और 2020 में हुए पार्षद हत्याकांड के बाद से फरार चल रहा था ।
एसएसपी ने बताया कि रुद्रपुर के एक वार्ड से भाजपा समर्थित पार्षद धामी की 12 अक्टूबर 2020 को उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी ।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश एवं क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी और हत्या को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को लगभग चार लाख रु की सुपारी दी गई थी ।
प्रकरण में पुलिस द्वारा सात आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर अधिनियम में मामला दर्ज किया गया जिनमें से छह को गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि पंडित अपने ठिकाने बदल—बदल कर लगातार पुलिस को चकमा देता रहा ।
एसएसपी ने बताया कि फरार इनामी अपराधी की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ द्वारा विशेष रणनीति बनाकर उसके संबंध में मिल रही सूचनाओं का लगातार विश्लेषण किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग एक माह से एसटीएफ की टीम इस आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए हुए थी ।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी-वसूली व गैंगस्टर अधिनियम के करीब दर्जन भर मामले दर्ज हैं।
सिंह ने बताया कि जघन्य अपराधों में वांछित और फरार इनामी अपराधियों की धर पकड़ के लिए राज्य पुलिस द्वारा चलाये जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी ।
भाषा दीप्ति रंजन
रंजन