दिल्ली में जलभराव वाली जगहें 2024 में 194 से घटकर 2025 में 169 हुईं
दिल्ली में जलभराव वाली जगहें 2024 में 194 से घटकर 2025 में 169 हुईं
नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में मानसून के मौसम के दौरान जलभराव की समस्या वाली जगहों की संख्या 2024 में 194 से घटकर 2025 में 169 हो गई। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एमसीडी अधिकारियों ने दावा किया कि 2025 में जलभराव की समस्या से जूझने वाली महज नौ जगहों का प्रबंधन नगर निकाय के पास था।
उन्होंने साल 2026 के लिए एमसीडी की मानसून तैयारी रिपोर्ट के हवाले से कहा कि दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से चिह्नित जलभराव वाले ज्यादातर स्थानों का रखरखाव लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) करता है, जबकि सिर्फ नौ जगहें ही नगर निकाय के अधिकार क्षेत्र में आती हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादातर स्थानों पर जलजमाव की समस्या एक से तीन घंटे तक बरकरार रही, जिससे भारी यातायात जाम लगा और यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
अधिकारियों ने बताया कि एमसीडी ने तीन जुलाई तक 545.35 किलोमीटर लंबे 793 बड़े नालों से 1,80,595 मीट्रिक टन गाद निकाली, जिससे 1,41,003 मीट्रिक टन गाद निकालने के लक्ष्य का 128.08 प्रतिशत हासिल कर लिया गया।
भाषा पारुल सुरेश
सुरेश

Facebook


