पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले कोलकाता में हथियार बरामद, एक व्यक्ति हिरासत में

Ads

पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले कोलकाता में हथियार बरामद, एक व्यक्ति हिरासत में

  •  
  • Publish Date - April 18, 2026 / 03:03 PM IST,
    Updated On - April 18, 2026 / 03:03 PM IST

कोलकाता, 18 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए दो चरणों में होने वाले मतदान से कुछ दिन पहले कोलकाता पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने शहर में हथियार और गोली-बारूद का जखीरा बरामद कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, एसटीएफ के कर्मियों ने संदेह के आधार पर राजाबाजार साइंस कॉलेज के पास एक बस स्टैंड के निकट बैग लेकर जा रहे एक व्यक्ति को रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से ‘सिंगल-शॉट’ वाले छह आग्नेयास्त्र और 14 कारतूस बरामद किए गए।

‘सिंगल-शॉट’ आग्नेयास्त्र का मतलब ऐसे आग्नेयास्त्र से है, जिनमें एक बार में केवल एक ही गोली या कारतूस भरा जा सकता है और ‘फायर’ किया जा सकता है और हर बार नया कारतूस खुद से डालना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ये हथियार कहां ले जाए जा रहे थे और इन्हें किसे सौंपा जाना था।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब राज्य भर में पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच तेज कर दी है।

हाल के दिनों में प्रवर्तन एजेंसियों ने कोलकाता और पड़ोसी हावड़ा में अलग-अलग अभियानों के दौरान बड़ी मात्रा में बेहिसाब नकदी भी बरामद की है।

कोलकाता पुलिस के दक्षिण-पूर्व डिवीजन ने शुक्रवार को बालीगंज विधानसभा क्षेत्र में एक वाहन की जांच के दौरान लगभग 25 लाख रुपये नकद बरामद किए।

इससे पहले, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने हावड़ा स्टेशन के पास 72 लाख रुपये से अधिक की नकदी जब्त कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया था। यह बरामदगी हावड़ा मंडल के बनारस ब्रिज क्षेत्र के पास बामनगाछी आरपीएफ पोस्ट के कर्मियों द्वारा तलाशी अभियान के दौरान की गई।

अधिकारियों ने बताया कि चुनाव से पहले अवैध हथियारों और नकदी की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए संवेदनशील इलाकों में निगरानी और जांच को और सख्त किया गया है।

पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना चार मई को की जाएगी।

भाषा मनीषा सुरेश

सुरेश