पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: एक मार्च से केंद्रीय बलों की होगी तैनाती
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: एक मार्च से केंद्रीय बलों की होगी तैनाती
कोलकाता, 21 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की लगभग 480 कंपनियां एक मार्च से तैनात की जाएंगी। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल का कार्य क्षेत्र में नियंत्रण स्थापित करना, विश्वास कायम करने के उपाय करना और चुनाव से संबंधित अन्य कार्य करना होगा।
ये कंपनियां चुनाव प्रक्रिया के दौरान स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों पर ईवीएम की सुरक्षा भी करेंगी।
राज्य में विधानसभा चुनाव कुछ ही महीनों में होने वाले हैं। अधिकारी ने बताया कि लगभग 240 कंपनियों का पहला समूह एक मार्च को तैनात किया जाएगा जबकि इतनी ही कंपनियां वाला एक समूह 10 मार्च तक अपनी जिम्मेदारी संभालेगा।
इन टुकड़ियों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और सशस्त्र सीमा बल के जवान शामिल होंगे। राज्य में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अंतिम मतदाता सूची 28 फरवरी को प्रकाशित होने वाली है जबकि चुनाव कार्यक्रम मार्च में घोषित होने की उम्मीद है।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश

Facebook


