कोलकाता, 29 जून (भाषा) पश्चिमी बंगाल की राजधानी कोलकाता के मध्य हिस्से में तृणमूल कांग्रेस द्वारा 21 जुलाई को आयोजित करी जाने वाली ‘शहीद दिवस’ रैली के मंच के लिए जगह का मुआयना करते समय कथित तौर पर यातायात को बाधित करने के आरोप में विधायक कुणाल घोष, राज्यसभा सदस्य डोला सेन और बैश्वानर चट्टोपाध्याय सहित पार्टी के तीन नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
प्राथमिकी के मुताबिक, रविवार को अपराह्न 2.50 बजे से शाम चार बजे के बीच बेंटिंक स्ट्रीट पर विक्टोरिया हाउस के सामने तीन नेता जमा हुए थे, ताकि वे इंची टेप का इस्तेमाल करके प्रस्तावित मंच के लिए माप ले सकें।
तृणमूल कांग्रेस शहर के बीचों-बीच स्थित उस मुख्य चौराहे पर हर साल एक कार्यक्रम आयोजित करती है। यह कार्यक्रम 1993 में कोलकाता में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस गोलीबारी में मारे गए युवा कांग्रेस के 13 कार्यकर्ताओं की याद में किया जाता है।
पुलिस ने आरोप लगाया कि तीनों नेताओं की इस कदम से इलाके में गाड़ियों की आवाजाही बाधित हुई और पैदल चलने वालों को परेशानी हुई।
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘पुलिस को मिली शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच चल रही है और प्राथमिकी में नामजद लोगों को कानून के मुताबिक जांच में शामिल होने के लिए समन भेजा जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि घोष, सेन और चट्टोपाध्याय को जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा जाएगा।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के नतीजों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’
यह घटनाक्रम कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा विक्टोरिया हाउस के सामने तृणमूल कांग्रेस की प्रस्तावित रैली को लेकर पार्टी को नोटिस जारी करने के बाद हुआ। अदालत ने 2018 के एक मामले में दिए गए अपने पुराने आदेश का हवाला दिया, जिसमें न्यायिक निर्देशों का उल्लंघन करते हुए उस जगह पर सार्वजनिक सभा करने पर रोक लगाई गई थी।
भाषा धीरज माधव
माधव