प.बंगाल : भवानीपुर में 12 दौर की मतगणना के बाद ममता की बढ़त घटकर 7,184 रह गई

Ads

प.बंगाल : भवानीपुर में 12 दौर की मतगणना के बाद ममता की बढ़त घटकर 7,184 रह गई

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 04:08 PM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 04:08 PM IST

कोलकाता, चार मई (भाषा) पश्चिम बंगाल की महत्वपूर्ण भवानीपुर सीट पर 20 में से 12 दौर की मतगणना के बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शुभेंदु अधिकारी पर बढ़त घटकर 7,184 मत रह गई और इसी के साथ सीट पर मुकाबला रोचक होता जा रहा है ।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को मतों की गिनती की जा रही है।

बनर्जी ने दूसरे दौर में लगे झटके से उबरते हुए बाद के चरणों में बढ़त बना ली। उनके कट्टर प्रतिद्वंद्वी अधिकारी ने दूसरे दौर में 1,558 मतों की बढ़त हासिल कर ली थी।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, बनर्जी को 44,729 मत मिले हैं, जबकि अधिकारी को 37,545 मत प्राप्त हुए हैं। अभी मतगणना के आठ दौर बाकी हैं।

तृणमूल प्रमुख ने सातवें दौर के अंत तक 17,371 मतों की मजबूत बढ़त बना ली थी। उस समय तक उन्हें 32,822 मत मिले थे, जबकि अधिकारी को 15,451 मत प्राप्त हुए थे। हालांकि, बाद के दौर में यह अंतर घटने लगा।

आठवें दौर में उनकी बढ़त 15,494 मतों की थी, जो 10वें दौर तक घटकर 12,131 मत और फिर 11वें दौर में 9,475 रह गई।

इस मुकाबले में शुरुआती दौर में भी काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला।

पहले दौर में बनर्जी ने 1,996 मतों की बढ़त बनाई थी। उस दौर में उन्हें 3,666 मत मिले थे, जबकि अधिकारी को 1,670 मत प्राप्त हुए थे। हालांकि, निवर्तमान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अधिकारी दूसरे दौर में 1,558 मतों से आगे हो गए।

बनर्जी ने तीसरे दौर में वापसी करते हुए 898 मतों की बढ़त हासिल की और चौथे दौर के अंत तक वह 8,482 मतों से आगे हो गईं।

पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीट के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना जारी है। भवानीपुर का मुकाबला प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है।

भाषा वैभव अविनाश

अविनाश