राजस्थान में वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर लगने से एक कोच का शीशा टूटा

Ads

राजस्थान में वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर लगने से एक कोच का शीशा टूटा

  •  
  • Publish Date - October 12, 2023 / 08:12 PM IST,
    Updated On - October 12, 2023 / 08:12 PM IST

जयपुर, 12 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के जयपुर से उदयपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन पर भीलवाड़ा जिले के रायला थाना क्षेत्र के रायला स्टेशन के पास बीती रात एक पत्थर लगने से एक कोच का शीशा टूट गया। हादसे में कोई भी चोटिल नहीं हुआ। रेल पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

चित्तौड़गढ़ जीआरपी थानाधिकारी छोटूलाल ने बृहस्पतिवार को बताया कि जयपुर से उदयपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन जब रायला स्टेशन के गुजर रही थी, तो किसी ने उस पर पत्थर फेंका जो ट्रेन की अंतिम कोच (सी 7) की एक खिड़की पर लगा, जिससे उसका कांच टूट गया।

उन्होंने बताया कि घटना के समय इस कोच में यात्रियों के अलावा ट्रेन का गार्ड और रेलवे के अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे, लेकिन कोई चोटिल नहीं हुआ और पत्थर से कोच की एक खिडकी का कांच टूट गया।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में रायला स्टेशन मास्टर की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

रायला थानाधिकारी महावीर शर्मा ने बताया कि इस संबंध में जीआरपी थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि किसी शराबी ने नशे में पत्थर फैंक दिया था। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है ।

भाषा कुंज रंजन

रंजन