दिल्ली हवाई अड्डे पर जूते में 320 ग्राम सोना छुपाकर ले जा रही महिला गिरफ्तार
दिल्ली हवाई अड्डे पर जूते में 320 ग्राम सोना छुपाकर ले जा रही महिला गिरफ्तार
नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) तुर्कमेनिस्तान से यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय(आईजीआई) हवाई अड्डे पर पहुंची एक महिला यात्री को सीमा शुल्क अधिकारियों ने सोने के बिस्कुटों की तस्करी करने के मामले में गिरफ्तार किया है। महिला के जूतों के भीतर से करीब 320 ग्राम वजन के पांच सोने के बिस्कुट बरामद किए गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सीमा शुल्क विभाग द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, अश्गाबात से आई इस महिला यात्री को उसकी संदिग्ध गतिविधियों और हाव-भाव के आधार पर ‘ग्रीन चैनल’ पार करने के बाद जांच के लिए रोका गया था।
बयान में कहा गया कि जब महिला के सामान की एक्स-रे जांच की गई तो उसमें कोई भी संदिग्ध चीज नजर नहीं आई। हालांकि, जब महिला सुरक्षा घेरे में लगे मेटल डिटेक्टर (धातु का पता लगाने वाले यंत्र) के बीच से गुजरी, तो मशीन से आवाज आने लगी।
बयान के मुताबिक, ‘जब महिला को अपने जूते एक्स-रे जांच के लिए रखने को कहा गया तो उसने जूतों के भीतर छुपाए गए सोने के बिस्कुटों को निकालकर कहीं और छुपाने की कोशिश की। वहां मुस्तैद सीमा शुल्क अधिकारियों ने उसकी इस हरकत को देख लिया और महिला की व्यक्तिगत तलाशी के दौरान लगभग 320 ग्राम वजन के सोने के पांच बिस्कुट बरामद कर लिए।’
विभाग ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई और जांच की जा रही है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


