सीबीआई वकील की मां से सोने के आभूषण ठगे, एक महिला गिरफ्तार
सीबीआई वकील की मां से सोने के आभूषण ठगे, एक महिला गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के मुंडका क्षेत्र में सीबीआई के एक वकील की मां से सोने के आभूषण ठगने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को मुंडका के फ्रेंड्स एन्क्लेव में सब्जी मंडी जा रही सीबीआई वकील की मां के पास महिला अपने 10 वर्षीय बच्चे के साथ आई और उनको झांसे में लेते हुए कहा कि बच्चे ने अपने नियोक्ता के पास से नोटों की गड्डी चुराई है और कोई इसे छीन सकता है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला ने बुजुर्ग को उनकी सोने की चेन और कान की बालियों के बदले नोटों की गड्डी अपने पास रखने के लिए राजी कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुजुर्ग महिला ने अपने आभूषण दे दिए, लेकिन बाद में जांच करने पर पाया कि नोटों की गड्डी नकली थी और तब तक आरोपी महिला और बच्चा मौके से फरार हो चुके थे।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में 30 जुलाई को मुंडका थाने में मामला दर्ज किया गया था और पुलिस की विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के आधार पर नौ अगस्त को रघुबीर नगर इलाके से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान रघुबीर नगर निवासी मैना (22) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि इस अपराध में टीसी कैंप निवासी पूजा नामक एक अन्य महिला भी शामिल थी और उसे चोरी के आभूषण सौंप दिए थे।
पुलिस के मुताबिक, दूसरी महिला के ठिकाने पर छापेमारी की गई, लेकिन वह मौके से फरार हो गई। पुलिस उसे गिरफ्तार करने और आभूषण बरामद करने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान रंजन धीरज
धीरज

Facebook


