बल्लारी (कर्नाटक), 19 मई (भाषा) कर्नाटक के बल्लारी जिले में कथित मानसिक प्रताड़ना और दहेज उत्पीड़न से परेशान 24 वर्षीय एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार ऐश्वर्या ने 17 मई को कम्पली कस्बे स्थित अपने मायके में छत के पंखे से लटककर जान दे दी।
घटना के बाद पुलिस ने उसके पति प्रदीप कुमार को हिरासत में ले लिया है। कुमार पशुपालन विभाग में पशु चिकित्सक है।
पुलिस ने बताया कि महिला ने सुसाइड नोट में अपने पति और ससुराल वालों पर मानसिक प्रताड़ना तथा दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाया है।
दोनों ने करीब डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह किया था।
पुलिस के अनुसार कथित प्रताड़ना से परेशान होकर ऐश्वर्या 14 मई को पति का घर छोड़कर मायके आ गई थी।
पुलिस अधीक्षक सुमन डी पेन्नेकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि महिला के पिता की शिकायत पर पति और ससुराल वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 (दहेज मृत्यु), 85 (पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता) तथा दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले में पति को हिरासत में लिया गया है और आरोपों की जांच की जा रही है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश