ओडिशा के संबलपुर में प्रेमी ने युवती का अपहरण कर हत्या की

Ads

ओडिशा के संबलपुर में प्रेमी ने युवती का अपहरण कर हत्या की

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 04:33 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 04:33 PM IST

संबलपुर, 19 जुलाई (भाषा) ओडिशा के संबलपुर जिले में 24 वर्षीय एक युवती का उसके प्रेमी ने कथित तौर पर अपहरण करने के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि युवती की पहचान सरिता सा के रूप में हुई है, जो महुलपाली थाना क्षेत्र के कुसुमी महुलागुड़ा गांव की रहने वाली थी। इसने कहा कि वह कुचिंडा कस्बे में एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी और आरोपी के साथ उसके प्रेम संबंध थे।

मामले में आरोपी की पहचान अनिल प्रसेठ (27) के रूप में हुई है, जो कुचिंडा थाना क्षेत्र के कुंडापोसी गांव का निवासी है। सरिता बृहस्पतिवार से लापता थी। उसके परिजनों ने शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि प्रसेठ ने उसका अपहरण कर हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगा दिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि युवती के पिता की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रसेठ को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी के बयान के आधार पर शनिवार को जामनकीरा थाना क्षेत्र के बद्रामा जंगल की तलहटी से युवती का शव बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि आरोपी की निशानदेही पर युवती की चुनरी भी बरामद की गई, जिसका कथित तौर पर हत्या के लिए गला घोंटने में इस्तेमाल किया गया।

पुलिस ने सुंदरगढ़ जिले के निवासी अशोक किसान को भी हिरासत में लिया है। उस पर आरोप है कि वह अपनी कार से आरोपी और युवती को घटनास्थल तक लेकर गया था।

भाषा आशीष नेत्रपाल

नेत्रपाल