जम्मू कश्मीर के सांबा में अदालत परिसर के बाहर महिला का अपहरण

Ads

जम्मू कश्मीर के सांबा में अदालत परिसर के बाहर महिला का अपहरण

  •  
  • Publish Date - July 7, 2026 / 10:10 PM IST,
    Updated On - July 7, 2026 / 10:10 PM IST

जम्मू, सात जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में मंगलवार को कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर अदालत परिसर के बाहर खड़ी एक कार पर गोलीबारी करने के बाद 20 वर्षीय युवती का अपहरण कर लिया। घटना के बाद आरोपियों की तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि कठुआ जिले के चक गजा धार शेरपुर की रहने वाली जलूफा अपने परिजनों के साथ एक मामले की सुनवाई के सिलसिले में अदालत आई थी। परिवार ने अपनी कार अदालत परिसर के बाहर खड़ी की थी।

परिवार का आरोप है कि हमलावर एक वाहन में सवार होकर वहां पहुंचे और उन्हें डराने-धमकाने के उद्देश्य से उनकी कार पर कई गोलियां चलाईं। इसके बाद वे जलूफा का अपहरण कर अपने साथ ले गए।

उन्होंने बताया कि गोलीबारी में कार को भारी नुकसान पहुंचा। कार का एक टायर फट गया, जबकि आगे और पीछे के दोनों शीशे टूट गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

अधिकारियों ने बताया कि अपहृत युवती को सकुशल बरामद करने, आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा गोला अविनाश

अविनाश