वायनाड (केरल), 26 मई (भाषा) केरल के वायनाड जिले में मंगलवार को जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान पुथुमला निवासी जेसी के रूप में हुई है। वह अपने पति शाजी के साथ स्कूटर पर जा रही थी तभी मेप्पडी के पास कल्लाडी में एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया।
उसने बताया कि जेसी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका पति घायल हो गया।
वन विभाग के अधिकारी और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे तथा आगे की कार्रवाई शुरू की।
इस क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं कई बार सामने आई हैं और स्थानीय लोग सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने की लंबे समय से मांग कर रहे हैं।
प्राधिकारियों ने हमले का शिकार हुए परिवार के लिए तत्काल पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि परिवार के एक सदस्य को अस्थायी सरकारी नौकरी दी जाएगी।
वायनाड के मंडलीय वन अधिकारी (डीएफओ) आशिक अली ने कहा कि हाथियों को इलाके से बाहर भेजने और बाड़ लगाने सहित अन्य सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए कदम उठाए जाएंगे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि स्थिति की समीक्षा के लिए वन मंत्री, कृषि मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय बैठक इस महीने की 30 तारीख को वायनाड में होगी।
भाषा
सिम्मी वैभव
वैभव