साहिबगंज, 31 अगस्त (भाषा) झारखंड के साहिबगंज जिले में 50 वर्षीय एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिला है। उसके साथ कथित बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मृतका के बेटे ने बरहेट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी मां के साथ बलात्कार किया गया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारी के मुताबिक, पीड़िता विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) से ताल्लुक रखती थी और बृहस्पतिवार से लापता थी। उन्होंने बताया कि शनिवार को एक सुनसान जगह पर ग्रामीणों ने उसका शव बरामद किया।
बरहेट पुलिस थाने के प्रभारी पवन कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “शव बरामद होने के बाद, पीड़िता के बेटे बासु पहाड़िया ने रविवार को शिकायत दर्ज कराई कि उसकी मां के साथ बलात्कार किया गया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।”
कुमार के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका सदर अस्पताल ले जाया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है, यौन उत्पीड़न का नहीं, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकती है।
कुमार के मुताबिक, “शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी ने दो महिलाओं के साथ एक जगह पर कथित तौर पर देसी शराब पी थी। बृहस्पतिवार शाम घर लौटते समय उनके बीच झगड़ा हो गया, जिसके बाद आरोपी ने उनमें से महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।”
भाषा पारुल सुभाष
सुभाष