नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के सरकारी स्कूल इस महीने से पर्यावरण संबंधी मुद्दों पर साल भर चलने वाले जागरूकता और गतिविधि-आधारित कार्यक्रमों की एक श्रृंखला शुरू करेंगे। इसका उद्देश्य छात्रों को प्लास्टिक कचरे, जैव विविधता की हानि, वायु प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के प्रति संवेदनशील बनाना है।
शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी एक परिपत्र के अनुसार, इस पहल के तहत हर महीने के लिए निश्चित विषय तय किए गए हैं, जिसकी शुरुआत अप्रैल में प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति जागरूकता के साथ होगी।
परिपत्र में कहा गया है कि स्कूल निबंध लेखन, पेंटिंग प्रतियोगिताओं और ‘सिंगल यूज प्लास्टिक’ के उपयोग को हतोत्साहित करने वाले अभियानों जैसी गतिविधियों का आयोजन करेंगे, साथ ही 22 अप्रैल को ‘पृथ्वी दिवस’ भी मनाएंगे।
इसमें कहा गया है कि मई का महीना वन्यजीव और जैव विविधता को समर्पित होगा, जिसमें नारे लेखन, नाटक और चित्रकला प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां होंगी।
स्कूल 22 मई को अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस भी मनाएंगे, साथ ही बिजली की बचत करने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार आदतों को अपनाने जैसे जीवनशैली में बदलाव को बढ़ावा देंगे।
परिपत्र में कहा गया है कि अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक का समय वायु प्रदूषण जागरूकता के लिए समर्पित होगा।
भाषा तान्या दिलीप
दिलीप