प्रदर्शनकारी छात्रों की मदद के लिए युवा कांग्रेस ने हेल्पलाइन शुरू की
प्रदर्शनकारी छात्रों की मदद के लिए युवा कांग्रेस ने हेल्पलाइन शुरू की
नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि उसने छात्रों और युवाओं के लिए एक हेल्पलाइन शुरू की है, जिसके जरिये विरोध-प्रदर्शनों में हिस्सा लेने के कारण कथित तौर पर धमकियों और उत्पीड़न का सामना करने पर उन्हें कानूनी एवं संगठनात्मक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
युवा कांग्रेस ने एक बयान में कहा कि 20 जुलाई को हुए विरोध-प्रदर्शनों के बाद से उसे ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत छात्रों और युवाओं से कई शिकायतें मिली हैं।
संगठन ने दावा किया कि इन शिकायतों में आंदोलन में हिस्सा लेने के कारण धमकी मिलने, ऑनलाइन दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़न का सामना करने और परिजन को डराए-धमकाए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
युवा कांग्रेस ने कहा कि कुछ छात्रों ने शिकायत की है कि उन्हें और उनके परिजन को उनके घरों पर परेशान किया गया।
युवा कांग्रेस ने छात्रों और युवाओं से अपील की कि यदि उन्हें किसी भी तरह की धमकी, ऑनलाइन दुर्व्यवहार या उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है या उनके परिजन को निशाना बनाया जाता है, तो वे हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं।
भाषा
हक हक पारुल
पारुल

Facebook


