जयपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत: पुलिस
जयपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत: पुलिस
जयपुर, 20 जून (भाषा) राजस्थान की राजधानी जयपुर में शनिवार को एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पीड़ित जयपुर में रहकर सेवा प्रदाता कंपनी के कर्मचारी के रूप में काम करता था।
यह हादसा गलता गेट थाना क्षेत्र में सूरजपोल के पास शनिवार सुबह हुआ जब एक तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस युवक को कुचलते हुए आगे निकल गई।
गलता गेट के थाना प्रभारी धर्मसिंह ने बताया कि रोडवेज की बस दिल्ली की ओर से आ रही थी। दुर्घटना के बाद चालक बस सहित मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान करौली जिले के निवासी विकास के रूप में हुई है, जो जयपुर में रहकर ‘फूड डिलीवरी’ का कार्य करता था।
धर्मसिंह ने कहा कि बस और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत

Facebook


