भव्य राजपूताना राजमहल का सेट, रानी पद्मावती का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री दीपिका पादुकोण और राजस्थानी डांस घूमर। संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती के गाना घूमर ने रीलीज़ होते ही तहलका मचा दिया है। घूमर की चर्चा तो इसके सामने आने के पहले से ही हो रही थी, लेकिन पूरा गाना सामने के बाद इसे पहली बार देखते ही ये समझ में आ गया कि ये चर्चा आखिर क्यों हो रही थी?
मशहूर पार्श्व गायिका श्रेया घोषाल ने इस गाने को आवाज़ दी है, जिनका साथ दिया है गायक स्वरूप खान ने। इस गाने के राजस्थानी बोल भी स्वरूप ने ही लिखे हैं। इस गाने में दीपिका राजस्थानी दुल्हन के परिधान में सुर्ख लाल रंग की लहंगा-चोली और घूंघट में स्थानीय लोक नृत्य घूमर कर रही हैं।
ये भी पढ़ें-पद्मावती पधार रही हैं
घूमर राजस्थानी नृत्यकला है, जिसमें महिलाएं एक साथ एक गोल घेरा बनाकर डांस करती हैं। घूम-घूम कर डांस करने के कारण इसे घूमर कहा जाता है। ये उसी तरह राजस्थान की संस्कृति से जुड़ी है, जैसे गरबा गुजरात और भांगड़ा पंजाब से जुड़ा है। दीपिका पादुकोण जिस लहंगे में घूमर कर रही हैं, उसका वजन करीब 30 किलो बताया गया है। इस दौरान भी वो राजपूत महारानी पद्मावती के किरदार के मुताबिक भारी-भरकम जेवरों से सजी-संवरी हुई हैं।
ये भी पढ़ें-पद्मावती का ट्रेलर रीलीज
भंसाली प्रोडक्शंस की पद्मावती में राजा रावल रतन सिंह का किरदार शाहिद कपूर ने निभाया है, जबकि खिलजी सुलतान अलाउद्दीन के किरदार में हैं रणवीर सिंह। इनके अलावा अदिति राव हैदरी भी इस फिल्म में अहम किरदार निभा रही हैं। पद्मावती के पोस्टर, ट्रेलर जारी करने करने के मौके पर भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी और अब इसके घूमर टाइटल गाना भी जारी होते ही फैंस की वाहवाही बटोर रहा है।
वेब डेस्क, IBC24