Chiraiya Web Series News /Image Source : Screengrab
एंटरटेनमेंट डेस्क :Chiraiya Web Series News जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई वेब सीरीज ‘चिरैया’ इन दिनों सामाजिक मुद्दों पर अपनी गहरी चोट के कारण सुर्खियों में है। सीरीज में मैरिटल रेप को जिस संजीदगी से दिखाया गया है, उसने दर्शकों को झकझोर दिया है। खास तौर पर सुहागरात वाले सीन में पति अरुण का किरदार निभाने वाले सिद्धार्थ शॉ को सोशल मीडिया पर काफी नफरत का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन असल जिंदगी में इस सीन को शूट करना सिद्धार्थ के लिए किसी मानसिक सदमे से कम नहीं था।
सीरीज में सिद्धार्थ की को-स्टार प्रसन्ना बिष्ट ने एक इंटरव्यू में बताया कि जब सुहागरात वाले दर्दनाक सीन का पहला टेक लिया गया, तो सिद्धार्थ अचानक कांपने लगे और फूट-फूट कर रो पड़े। हालांकि शूटिंग से पहले इंटिमेसी कॉर्डिनेटर की मौजूदगी में पूरी रिहर्सल और कोरियोग्राफी की गई थी, लेकिन सीन की गंभीरता ने अभिनेता को भीतर तक हिला दिया। सिद्धार्थ और प्रसन्ना पिछले 5-6 सालों से दोस्त हैं, फिर भी उस ‘जबरदस्ती’ वाले किरदार को निभाने की कल्पना मात्र से सिद्धार्थ का बुरा हाल हो गया था।
खुद सिद्धार्थ ने इस अनुभव पर बात करते हुए कहा, “मुझे आज तक नहीं पता कि उस वक्त मेरे अंदर क्या इमोशन जागा था। हम जानते थे कि यह सिर्फ एक्टिंग है, लेकिन उस सीन को करते वक्त मैं खुद पर काबू नहीं रख पाया और रो पड़ा।” दर्शकों ने भले ही उनके किरदार की आलोचना की हो, लेकिन सेट पर मौजूद टीम सिद्धार्थ की इस संवेदनशीलता को देखकर दंग रह गई थी।
20 मार्च को रिलीज हुई इस सीरीज में दिव्या दत्ता, संजय मिश्रा और सरिता जोशी जैसे दिग्गज कलाकारों ने काम किया है। सिद्धार्थ शॉ का यह किस्सा साबित करता है कि एक कलाकार के लिए पर्दे पर ‘विलेन’ बनना कभी-कभी कितना भारी पड़ सकता है।