Singer Adnan Sami / Image Source: Instagram / @adnansamiworld
Singer Adnan Sami: मुंबई: बॉलीवुड के फेमस सिंगर अदनान सामी एक बड़े धोखाधड़ी के आरोपों में घिर गए हैं। ग्वालियर की रहने वाली लावण्या सक्सेना ने उन पर चीटिंग का केस दर्ज कराया है। अब जिला कोर्ट ने इंदरगंज थाना पुलिस से इस मामले की स्टेटस रिपोर्ट मांगी है, यानी पुलिस को स्पष्ट करना होगा कि शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई। आइये जानते हैं क्या है पूरा मामला क्या है।
पाकिस्तान छोड़कर 2016 में भारतीय नागरिकता अपनाने वाले अदनान सामी अब धोखाधड़ी के आरोपों में फंसते दिख रहे हैं। लावण्या सक्सेना ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मामले में कोई सुनवाई नहीं की, इसलिए उन्होंने कोर्ट में शिकायत दायर किया। इसके तहत सामी पर लगभग 17.62 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है, जो ग्वालियर से जुड़ा बताया जा रहा है।
ये मामला नया नहीं है बल्कि लगभग 3 साल पुराना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अदनान सामी की टीम ने ग्वालियर में एक कार्यक्रम के लिए एडवांस में लाखों रुपए लिए थे। साल 2022 में होने वाले इस इवेंट के लिए लावण्या सक्सेना ने सीधे सामी की टीम से संपर्क किया था। इस कार्यक्रम के लिए कुल 33 लाख रुपये का भुगतान तय था। ग्वालियर में ये इवेंट 27 सितंबर 2022 को आयोजित होना था। लेकिन न तो कार्यक्रम हुआ और न ही राशि वापस की गई।
लावण्या सक्सेना ने बताया कि उन्होंने 17.62 लाख रुपये एडवांस में दिए थे। एडवांस मिलने के बाद ही कार्यक्रम की तारीख फाइनल हुई लेकिन अंतिम समय में अदनान सामी ने कार्यक्रम रद्द कर दिया। टीम की ओर से कहा गया कि शो किसी और तारीख में आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों ने बार-बार नई तारीख या पैसे लौटाने की मांग की लेकिन सामी की टीम ने टाल-मटोल शुरू कर दिया। लावण्या ने बताया कि लंबे इंतजार के बाद न तो कार्यक्रम हुआ और ना ही राशि लौटाई गई। इसके बाद उन्होंने इंदरगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसके बाद पीड़िता ने जिला कोर्ट में धोखाधड़ी की शिकायत दायर किया। कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए इंदरगंज थाना पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट तलब की है। अब पुलिस को स्पष्ट करना होगा कि शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई और जांच की वर्तमान स्थिति क्या है।