Jharkhand Crime/Image Source: IBC24
रांची: Jharkhand Crime: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के देवमबीर गांव में शुक्रवार रात मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। रेप के आरोप में घिरे एक व्यक्ति को गांववालों ने बेरहमी से पीट-पीट कर मार डाला। सोनुआ थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा के अनुसार, मृतक की पहचान साइमन तिर्की के रूप में हुई है। शुक्रवार देर रात साइमन शौच के लिए घर से बाहर निकला था तभी कुछ ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
भीड़ ने उसे रेप के आरोपी बताकर अपमानित किया, चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया और फिर उसे एक कमरे में बंद कर लाठियों से पिटाई की। अगले दिन जब कमरे का दरवाजा खोला गया, तो साइमन मृत पाया गया। पुलिस ने शव को चाईबासा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक पर आरोप था कि उसने गांव की एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ बलात्कार किया था।
Jharkhand Crime: पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि क्या भीड़ को किसी ने उकसाया या यह घटना केवल गुस्से में हुई। साथ ही भीड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।