Mumbai-Pune trains cancelled / Image Source : FILE
मुंबई : Mumbai-Pune trains cancelled : भोर घाट खंड में हुए भूस्खलन के बाद मध्य रेलवे ने 30 लंबी दूरी और इंटरसिटी ट्रेन रद्द कर दी हैं, जिसके कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर रेल यातायात 17 जुलाई तक प्रभावित रहेगा। रेलवे अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि छह जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश के कारण कर्जत और लोनावला स्टेशन के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे तीनों रेलवे लाइन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। अधिकांश भूस्खलन घाट खंड में ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल केबिन के पास हुए।
अधिकारियों ने कहा कि बहाली का काम युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन दुर्गम भूभाग और खतरनाक परिस्थितियों के कारण सामान्य रेल सेवाएं पूरी तरह बहाल होने में देरी हो रही है।मध्य रेलवे ने एक विज्ञप्ति में कहा कि उसने 30 ट्रेन सेवाएं रद्द की हैं, जिनमें 14 दैनिक ट्रेन, निर्धारित तिथियों पर चलने वाली आठ ट्रेन सेवाएं और आठ विशेष ट्रेन शामिल हैं।
रेलवे ने 10 जुलाई से 17 जुलाई तक डेक्कन क्वीन, डेक्कन एक्सप्रेस, मुंबई-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस, सीएसएमटी-हैदराबाद एक्सप्रेस, चेन्नई एग्मोर सुपरफास्ट मेल और हुब्बल्ली-दादर एक्सप्रेस सहित दैनिक ट्रेन को अस्थायी रूप से रद्द करने की घोषणा की है।इसके अलावा, इस अवधि के दौरान निर्धारित तिथियों पर चलने वाली महालक्ष्मी एक्सप्रेस, जोधपुर-हडपसर एक्सप्रेस, दादर-सातारा एक्सप्रेस और दादर-साईनगर शिरडी एक्सप्रेस जैसी ट्रेन भी रद्द की गई हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार, मुंबई और पुणे को गोरखपुर, गाजीपुर सिटी तथा हजरत निजामुद्दीन से जोड़ने वाली कई विशेष ट्रेन भी रद्द कर दी गई हैं।रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को बहाली कार्य की समीक्षा की और कहा कि भूस्खलन ‘‘भीषण’’ था तथा इससे रेलवे लाइन और आसपास के क्षेत्र को ‘‘काफी’’ नुकसान पहुंचा है।मुंबई-पुणे मार्ग पर दुर्गम भोर घाट अथवा खंडाला घाट खंड में तीन रेलवे लाइन हैं—अप लाइन (मुंबई की ओर), डाउन लाइन (पुणे की ओर) और मिडिल लाइन।
अधिकारियों के अनुसार, कुछ स्थानों तक निर्माण सामग्री पहुंचाना अब भी चुनौती बना हुआ है और रेलवे की टीमें जिला प्रशासन तथा वन विभाग के साथ समन्वय करके जल्द से जल्द लाइन बहाल करने में जुटी हैं। उन्होंने बताया कि तीन में से एक रेलवे लाइन बहाल कर दी गई है, जबकि शेष दो लाइन पर काम जारी है।विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘बहाली कार्य की वरिष्ठ अधिकारी मौके पर लगातार निगरानी कर रहे हैं और रेल सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।’’
विज्ञप्ति में कहा गया कि यात्रियों को रेलवे हेल्पलाइन से संपर्क करने या जानकारी के लिए एनटीईएस ऐप देखने की सलाह दी गई है। विज्ञप्ति में कहा गया कि रेलवे अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से भी नियमित रूप से अद्यतन जानकारी साझा कर रहा है।
ये भी पढ़ें