Reported By: Sakshi Tripathi
,Rajasthan Weather Update/ Image Source : AI GENERATED
भोपाल : Madhya Pradesh Weather Alert मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित पूरे मध्य प्रदेश में मई के महीने में गर्मी के तेवर ठंडे पड़ गए हैं। प्रदेश को लगातार तीसरे दिन भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम में आए इस बड़े बदलाव के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 31 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
शनिवार को भोपाल, नर्मदापुरम, सागर और ग्वालियर संभागों में तेज आंधी के साथ बौछारें पड़ीं, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, यह बदला हुआ मौसम अपने साथ नुकसान भी लेकर आया है। गुना में आंधी-बारिश के दौरान एक व्यक्ति की दुखद मौत हो गई है। वहीं, विदिशा, नर्मदापुरम और सीहोर जिलों की मंडियों और सरकारी खरीदी केंद्रों पर रखी किसानों की उपज भीगने की खबरें सामने आई हैं। इसके अलावा, खरगोन जिले में बारिश के साथ ओले गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
आज जिन 31 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उनमें प्रमुख रूप से अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा शामिल है । इन क्षेत्रों में 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
राज्य भर में तापमान में आई इस बड़ी गिरावट से आम लोगों को उमस और भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग ने अलर्ट वाले क्षेत्रों में नागरिकों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।