mohan cabinet today/ image source: IBC24
MP Cabinet Baithak Today: भोपाल: भोपाल में आज मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट की एक अहम बैठक होने जा रही है। यह बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसमें राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और फैसले लिए जा सकते हैं। माना जा रहा है कि सरकार विभिन्न विकास योजनाओं और आर्थिक सुधारों को लेकर ठोस कदम उठा सकती है।
बैठक में फायनेंस ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट खोलने का प्रस्ताव प्रमुख एजेंडा में शामिल है। इस संस्थान के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों को वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी आधुनिक ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे शासन-प्रशासन की कार्यक्षमता में सुधार लाने की कोशिश की जाएगी। इसके अलावा मंदसौर जिले में प्रस्तावित कातना सिंचाई परियोजना पर भी विस्तार से चर्चा होने की संभावना है, जो किसानों के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कैबिनेट में कृषि से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठ सकते हैं। चना और मसूर की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को लेकर निर्णय लिया जा सकता है, जिससे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, गेहूं खरीद व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा और जरूरी बदलावों पर चर्चा संभव है, ताकि किसानों को समय पर भुगतान और बेहतर सुविधा मिल सके।