बैतूल, 30 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में चंपा नदी पार करते समय तेज बहाव में बहे मोटरसाइकिल सवार दो लोगों के शव मंगलवार सुबह बरामद किए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
चिचोली थाना प्रभारी हरिओम पटेल ने बताया कि यह घटना सोमवार शाम चिचोली थाना क्षेत्र के देवपुर-कोटमी गांव में हुई।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सिप्लाई गांव निवासी राजेश बिहारे (42) और दद्दू धुर्वे (40) के रूप में हुई है।
पटेल के अनुसार, दोनों सोमवार शाम देवपुर से अपने गांव लौट रहे थे। उस समय चंपा नदी पर बनी पुलिया जलस्तर अधिक होने के कारण पूरी तरह पानी में डूबी हुई थी।
उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें पानी का स्तर कम होने तक इंतजार करने की सलाह दी, लेकिन दोनों ने पुलिया पार करने का प्रयास किया और तेज बहाव में बह गए।
पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने रातभर संयुक्त रूप से तलाश अभियान चलाया। मंगलवार सुबह पुलिया से करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में दोनों के शव बरामद किए गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं दिमो खारी
खारी