मप्र के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता ‘गामिनी’ ने तीन शावकों को जन्म दिया

मप्र के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता ‘गामिनी’ ने तीन शावकों को जन्म दिया

मप्र के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता ‘गामिनी’ ने तीन शावकों को जन्म दिया
Modified Date: February 18, 2026 / 03:14 pm IST
Published Date: February 18, 2026 3:14 pm IST

श्योपुर (मध्यप्रदेश), 18 फरवरी (भाषा) केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को कहा कि मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान (केएमपी) में चीता ‘गामिनी’ ने तीन शावकों को जन्म दिया है, जिससे भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है।

यादव ने इसे चीतों को भारत में फिर से बसाने के सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम की ‘शानदार’ सफलता करार देते हुए कहा कि यह देश के दृढ़ और ऐतिहासिक संरक्षण प्रयासों का एक शक्तिशाली प्रतीक है।

भारत में चीतों को पुनः बसाने के लिए 2022 में आरंभ महत्वाकांक्षी परियोजना के हिस्से के रूप में ‘गामिनी’ को दक्षिण अफ्रीका से भारत स्थानांतरित किया गया था। चीते दशकों पहले भारत में विलुप्त हो गए थे।

यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘कूनो तीन नए शावकों का स्वागत करता है। दक्षिण अफ्रीका से चीतों के आगमन के 3 साल पूरे होने के अवसर पर कूनो में एक नया अध्याय। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में जश्न का माहौल है क्योंकि दक्षिण अफ्रीकी चीता और दूसरी बार मां बनने वाली ‘गामिनी’ ने 3 शावकों को जन्म दिया है।’

उन्होंने कहा कि भारत की धरती पर यह नौवें शावक का जन्म है और इसके साथ ही भारत में जन्मे शावकों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है।

यादव ने कहा कि इन शावकों के जन्म के साथ, भारत में चीतों की संख्या अब बढ़कर 38 हो गई है, जो देश के दृढ़ और ऐतिहासिक संरक्षण प्रयास का एक शक्तिशाली प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक जन्म चीता परियोजना की नींव को मजबूत करता है और फील्ड स्टाफ और पशु चिकित्सा टीम के जुनून, दृढ़ता और चौबीसों घंटे समर्पण को दर्शाता है, जिन्होंने इस सपने को वास्तविकता में बदल दिया है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश चीता के पुनर्वास के लिए एक शक्तिशाली केंद्र है। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन की दिशा में यह पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह बेहद खुशी की बात है कि ‘प्रोजेक्ट चीता’ के तहत दक्षिण अफ्रीका से लायी गई मादा चीता ‘गामिनी’ ने तीन शावकों को जन्म दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘श्योपुर जिले के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों के आगमन के तीन साल पूरे होने के साथ ही यह 9वां सफल जन्म है। भारत में चीतों की कुल संख्या अब बढ़कर 38 हो गई है।’

नामीबिया से भारत आए चीता ‘आशा’ ने इस महीने की शुरुआत में, पांच शावकों को जन्म दिया था।

भाषा ब्रजेन्द्र मनीषा अमित

अमित


लेखक के बारे में