मुख्यमंत्री यादव ने यूएई के कारोबारियों को मप्र में निवेश के लिए आमंत्रित किया
मुख्यमंत्री यादव ने यूएई के कारोबारियों को मप्र में निवेश के लिए आमंत्रित किया
भोपाल, आठ सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को राज्य को एक आदर्श निवेश गंतव्य के रूप में पेश किया और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के व्यापारिक नेताओं को इसकी भौगोलिक स्थिति और बेहतर संपर्क का हवाला देते हुए ऊर्जा, आपूर्ति श्रृंखला और शहरी बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया।
दुबई में आयोजित ‘एआईएम कांग्रेस 2026’ को संबोधित करते हुए यादव ने राज्य के कुशल कार्यबल, प्रचुर मात्रा में बिजली आपूर्ति और निर्बाध परिवहन जैसी विशेषताओं को भी रेखांकित किया।
उन्होंने कहा, “राज्य में ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, आपूर्ति श्रृंखला और शहरी बुनियादी ढांचा के क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं हैं।”
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के तीसरे दिन यूएई के प्रमुख निवेशकों और उद्यमियों के साथ आमने-सामने की बैठकें कीं।
यादव ने कहा कि उत्कृष्ट औद्योगिक बुनियादी ढांचे, पर्याप्त ऊर्जा और कुशल मानव संसाधन के कारण मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास की व्यापक संभावनाओं वाला राज्य है।
उन्होंने उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों को अगले वर्ष होने वाले ‘ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2027’ में भी शामिल होने का न्योता दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, रसद और शहरी विकास के क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं हैं क्योंकि यह देश के केंद्र में स्थित है और देश के सभी हिस्सों में सड़क, रेल और हवाई संपर्क आसान है।’’
बयान में में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने अगले साल आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) 2027 में उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया।
बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एंड एक्सपो सेंटर के अध्यक्ष अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस से भी शिष्टाचार मुलाकात की।
उन्होंने मध्यप्रदेश और शारजाह के बीच द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को गहरा करने की क्षमता और निवेश के अवसरों पर चर्चा की।
बयान के मुताबिक शारजाह की प्रमुख कंपनियों को राज्य के फूड पार्क, कोल्ड चेन, आपूर्ति श्रृंखला, कपड़ा, दवा, नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यटन परियोजनाओं में पूंजी निवेश करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
चैंबर ने मुंबई सहित भारत में व्यापार मिशन और व्यापार मंचों का आयोजन किया है, जिसमें विनिर्माण, कपड़ा, आभूषण, एसएमई, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, रसद, खाद्य उद्योग, पर्यटन और रियल एस्टेट शामिल हैं।
ओवैस मई 2014 से शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और एक्सपो सेंटर शारजाह के अध्यक्ष रहे हैं।
वह यूएई फेडरेशन ऑफ चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष भी हैं।
भाषा ब्रजेन्द्र सुरभि
सुरभि

Facebook


