मप्र में दो समुदायों के बीच झड़प, पथराव और तोड़फोड़ की घटना हुई; पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े
मप्र में दो समुदायों के बीच झड़प, पथराव और तोड़फोड़ की घटना हुई; पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े
( तस्वीरों सहित )
जबलपुर, 20 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा कस्बे में बीती रात उस समय तनाव व्याप्त हो गया जब दो समुदायों के सदस्यों के बीच झड़प हुई, दोनों तरफ से पथराव किया गया और दुकानों तथा वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार रात कस्बे के आजाद चौक इलाके में हुई, जिसके बाद वहां बड़ी संख्या में पुलिस बलों को तैनात किया गया।
झड़प के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी आए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आजाद चौक इलाके में दुर्गा देवी का मंदिर और मस्जिद हैं। आरती के दौरान, मंदिर की टूटी हुई सुरक्षा ग्रिल को लेकर दोनों समुदायों के सदस्यों बीच झड़प हो गई।
उन्होंने बताया कि यह कहासुनी जल्दी ही हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि सड़क पर खड़े वाहनों और दुकानों में तोड़फोड़ भी की गई।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शुरू में हल्का बल प्रयोग किया, लेकिन जब झड़प रुकने के कोई संकेत नहीं मिले, तो स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ प्रशासन के अधिकारियों ने भी स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया।
जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।
भाषा रंजन मनीषा
मनीषा

Facebook


