इंदौर, सात सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश का आदिवासी बहुल धार जिला देश की आजादी के आठ दशक बाद रेल नेटवर्क से जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वडोदरा में आठ सितंबर (मंगलवार) को आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रतापनगर और धार के टांडा रोड स्टेशनों के बीच नयी मेमू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे।
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया,‘‘नयी मेमू ट्रेन छोटा उदयपुर-धार खंड में चलेगी। यह पहली बार है, जब धार जिले में कोई यात्री ट्रेन पहुंचेगी।’’
उन्होंने बताया कि इस रेल सेवा से मध्यप्रदेश और गुजरात के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा जिससे व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के वडोदरा और मध्यप्रदेश के रतलाम के बीच तीसरी एवं चौथी रेल लाइन की आधारशिला भी रखेंगे जिससे दोनों शहरों के बीच दो ‘अप’ और दो ‘डाउन’ लाइन हो जाएंगी।
रेलवे के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि वडोदरा के प्रतापनगर और धार के टांडा रोड स्टेशनों के बीच 12 डिब्बों की मेमू ट्रेन का संचालन हर रोज किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह यात्री ट्रेन गुजरात के वडोदरा व छोटा उदयपुर जिलों और मध्यप्रदेश के आलीराजपुर व धार जिलों को आपस में जोड़ेगी।
भाषा
हर्ष रवि कांत