रायसेन, सात सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में सोमवार तड़के एक तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकराने से चार युवकों की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
ओबेदुल्लागंज अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) शीला सुराणा ने बताया कि नूरगंज थाना क्षेत्र के देवटिया गांव निवासी पांच युवक रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 12 से एक बजे के बीच कार से ओबेदुल्लागंज से अपने गांव लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि देवटिया गांव के पास उनकी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई, जिससे इस हादसे में गौरव नागर (20), शुभम नागर (21) और कृष उर्फ कशिश नागर (21) की मौके पर ही मौत हो गई।
सुराणा ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल आशीष नागर (21) ने ओबेदुल्लागंज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि प्रशांत हर्ष नागर (21) को गंभीर हालत में भोपाल स्थित एम्स में भेजा गया है ।
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवकों को कटर की मदद से बाहर निकाला गया।
नूरगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर चारों मृतकों के शवों का सोमवार को पोस्टमार्टम कराया और उन्हें परिजनों को सौंप दिया। प्रशांत नागर की हालत गंभीर बनी हुई है।
भाषा सं दिमो मनीषा रंजन
रंजन