मप्र : विश्वविद्यालय में बलवा और मारपीट मामले में दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Ads

मप्र : विश्वविद्यालय में बलवा और मारपीट मामले में दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 04:09 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 04:09 PM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 19 फरवरी (भाषा) इंदौर के एक निजी विश्वविद्यालय के परिसर में हफ्ता भर पहले जबरन घुसकर बलवा, तोड़-फोड़ और मारपीट करने के आरोपों में दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं के एक समूह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्रीकृष्ण लालचंदानी ने संवाददाताओं को बताया कि दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं के समूह ने गांधी नगर थाना क्षेत्र में एनएमआईएमएस विश्वविद्यालय के परिसर में 12 फरवरी को कथित तौर पर जबरन घुसकर तोड़-फोड़ की थी और उन्होंने कुछ लोगों से अभद्र बर्ताव और मारपीट भी की थी।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रबंधन की शिकायत पर जांच के बाद इन कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीसीपी ने बताया कि यह प्राथमिकी विश्वविद्यालय परिसर में जबरन घुसकर बलवा, तोड़-फोड़ और मारपीट करने के आरोपों में दर्ज की गई है।

लालचंदानी ने बताया, ‘‘प्राथमिकी में पांच आरोपी नामजद हैं। वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।’’

दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने 12 फरवरी को यह आरोप लगाते हुए एनएमआईएमएस विश्वविद्यालय के परिसर में घुसकर तोड़-फोड़ की थी कि वहां ‘वेलेंटाइन डे’ को लेकर अश्लील कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

एनएमआईएमएस विश्वविद्यालय ने ऐसे कार्यक्रम के आयोजन से साफ इनकार किया था। विश्वविद्यालय ने बयान जारी करके कहा था कि ‘‘अनाधिकृत व्यक्तियों के एक समूह’’ ने संस्थान के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया और विद्यार्थियों के आयोजित एक कार्यक्रम को बाधित किया।

विश्वविद्यालय के मुताबिक विद्यार्थियों में व्यावसायिक कौशल के विकास के मकसद से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा बेकरी उत्पाद बेचे जा रहे थे।

भाषा हर्ष शफीक

शफीक