Dhamtari News. Image Source- IBC24
धमतरीः Dhamtari News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में IBC24 की खबर का बड़ा असर हुआ है। कुरूद के दहदहा स्कूल में स्कूली बच्चों द्वारा नुकीली चीज से अपने हाथ जख्मी करने के गंभीर मामले में अब शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधानपाठक और प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
Dhamtari News: बता दें कि शासकीय माध्यमिक शाला दहदहा में 7वीं और 8वीं कक्षा के 35 छात्र-छात्राओं ने नुकीली चीज से अपने ही बाएं हाथ को जख्मी किया। इसमें 21 छात्र और 14 छात्राएं शामिल है। पिछले एक महीने से यह खतरनाक सिलसिला चलता रहा। बच्चे एक-दूसरे को देखकर आत्म-क्षति जैसा कदम उठा रहे थे। मामला सामने आने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक अमला हरकत में आया जांच और टीम दो बार स्कूल पहुंची। एक-एक कर बच्चों से पूछताछ की गई
IBC24 द्वारा मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही माना है। जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल ने घोर उदासीनता बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस शासकीय माध्यमिक शाला के प्रधानपाठक पुनीत राम साहू और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य को जारी किया गया है। दोनों से तीन दिवस के भीतर जवाब मांगा गया है। शिक्षा विभाग का मानना है कि यदि समय रहते स्कूल स्तर पर निगरानी और संवेदनशीलता दिखाई गई होती तो इतने बड़े स्तर पर बच्चों द्वारा खुद को नुकसान पहुंचाने की घटना रोकी जा सकती थी। फिलहाल जांच और विभागीय कार्रवाई दोनों जारी हैं। यह मामला सिर्फ अनुशासन का नहीं, बल्कि बच्चों की मानसिक सुरक्षा और जवाबदेही का है।