जबलपुर के बरगी बांध में क्रूज पलटने से चार लोगों की मौत,10 लापता

Ads

जबलपुर के बरगी बांध में क्रूज पलटने से चार लोगों की मौत,10 लापता

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 09:33 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 09:33 PM IST

जबलपुर, 30 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में अचानक आई आंधी के कारण 29 लोगों को लेकर जा रहा एक क्रूज बरगी बांध में पलट गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई जबकि 15 अन्य को बचा लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

बरगी शहर के पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अंजुल मिश्रा ने बताया कि बरगी बांध में क्रूज के लिए कुल 29 टिकट जारी किए गए थे। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, 15 को सुरक्षित बचा लिया गया है जबकि 10 लोग अब भी लापता हैं।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

बरगी बांध का निर्माण जबलपुर जिले में नर्मदा नदी पर किया गया है।

मिश्रा ने बताया कि लापता लोगों की तलाश में अभियान युद्ध स्तर पर जारी है।

उन्होंने कहा कि जबलपुर के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

यादव ने कहा कि आज भीषण तूफान के कारण जबलपुर के बरगी बांध पर हुई दर्दनाक क्रूज दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव दल अपना अभियान जारी रखे हुए हैं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, संभागीय एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बचाव अभियान की निगरानी के लिए घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्वरित बचाव अभियान के माध्यम से 15 नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया।

उन्होंने कहा कि लापता लोगों का जल्द से जल्द पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ है और हर संभव सहायता सुनिश्चित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।’’

मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने कहा कि जबलपुर के बरगी बांध में क्रूज दुर्घटना की खबर बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली है।

उन्होंने इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने प्रशासन से बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को हर संभव उपचार प्रदान करने का अनुरोध किया।

सिंघार ने मांग की कि राज्य सरकार तुरंत मृतकों के परिवारों को पर्याप्त मुआवजा और हर संभव सहायता प्रदान करे।

भाषा सं ब्रजेन्द्र शोभना

शोभना