मप्र : जमीन संबंधी समस्या के विरोध में महिलाओं और युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया

मप्र : जमीन संबंधी समस्या के विरोध में महिलाओं और युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया

Modified Date: January 17, 2023 / 09:23 pm IST
Published Date: January 17, 2023 9:23 pm IST

ग्वालियर, 17 जनवरी (भाषा) मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जमीन संबंधी समस्या को लेकर पहुंची छह महिलाओं और एक युवक ने स्वयं पर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि कमरे में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने माचिस जलाने से पहले ही उन्हें काबू में कर लिया। इनमें से एक महिला गीता मौर्या ने पत्रकारों से कहा, ‘‘शहर के सिरोल इलाके में जिस जमीन पर जिला पंचायत भवन बना है, उस जमीन पर हम लंबे समय से रह रहे थे लेकिन प्रशासन ने हमें यह खाली करने के लिए मजबूर कर दिया और जो दूसरी जमीन आवंटित की है वह सुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 माह से इस मामले में गुहार लगाने के बाद भी संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई इसलिए उन्हें आज इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

उन्होंने प्रशासन से उचित तरीके से जमीन का एक अन्य टुकड़ा आवंटित करने की मांग की।

हालांकि, उपमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) एच.बी. शर्मा ने कहा कि कदम सिंह के परिवार ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया और जिला पंचायत भवन के निर्माण के बाद भी उन्होंने उस स्थान को खाली नहीं किया।

उन्होंने कहा कि प्रशासन फिर से उनकी समस्या पर गौर कर रहा है।

भाषा सं दिमो शफीक

शफीक


लेखक के बारे में