Reported By: Kapil Sharma
,Harda News/Image Source: IBC24
हरदा: Harda News: सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में नमामि कॉम्प्लेक्स में बीती रात सामूहिक गरबे के दौरान असामाजिक तत्वों के होने की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर गरबा बंद करवा दिया और सिटी कोतवाली थाने में दो आयोजकों पर एफआईआर दर्ज करवाई।
शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में जिला अस्पताल के पास स्थित नमामि कॉम्प्लेक्स की ऊपरी मंजिल पर सोमवार रात कपल गरबा का आयोजन किया जा रहा था। आयोजन में मुस्लिम युवक और सिंधी महिला द्वारा युवाओं को एक साथ गरबा कराया जा रहा था। इस दौरान गरबे में असामाजिक तत्वों के होने की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और गरबा कार्यक्रम को रोकवा दिया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी बालिकाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उपस्थित युवकों के आधार कार्ड की जांच की। जांच के दौरान एक युवक शराब के नशे में पाया गया जिसे पुलिस थाने ले गई।
Harda News: इधर बजरंग दल के जिला संयोजक मयूर मराठा ने दो आयोजकों सुफिया खान और राशि पहुंजा के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में मामला दर्ज करवाया। इस मामले में एसडीओपी शालिनी परसते ने बताया कि बीती रात बजरंग दल ने शिकायत की थी कि नमामि कॉम्प्लेक्स में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा गरबा कराया जा रहा है। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आयोजकों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 299 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।