‘हाई-स्पीड कॉरिडोर’ ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में संपर्क और आर्थिक विकास को नई दिशा देगा: सिंधिया

Ads

‘हाई-स्पीड कॉरिडोर’ ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में संपर्क और आर्थिक विकास को नई दिशा देगा: सिंधिया

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 07:33 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 07:33 PM IST

मुरैना (मध्यप्रदेश), छह अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को ग्वालियर- एक्सप्रेस-वे परियोजना का निरीक्षण किया और कहा कि यह हाई-स्पीड कॉरिडोर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में संपर्क और आर्थिक विकास को नई दिशा देगा।

उन्होंने इस परियोजना का जायजा लेने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि 5,500 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा ग्वालियर-आगरा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे वर्तमान मार्ग की तुलना में लगभग 32 किलोमीटर छोटा होगा और कुल दूरी लगभग 88 किलोमीटर रह जाएगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में दो-लेन की सड़क को उन्न्त कर छह-लेन हाई-स्पीड कॉरिडोर बनाया जाएगा, जहां न्यूनतम गति 100 किमी प्रति घंटा होगी।

सिंधिया ने कहा कि आगरा से ग्वालियर की यात्रा अभी ढाई से तीन घंटे में पूरी होती है, जो इस एक्सप्रेस वे के बनने के बाद मात्र 45 से 50 मिनट में पूरी हो सकेगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लगभग तीन वर्ष में ये एक्सप्रेस-वे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस एक्सप्रेस-वे को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है, जिसमें सीमित प्रवेश और निकासी बिन्दु रखे जाएंगे।

सिंधिया ने कहा, ‘‘पूरे मार्ग में केवल चार प्रमुख प्रवेश-निकास बिंदु होंगे, जिससे यातायात निर्बाध और सुरक्षित बना रहेगा। यह व्यवस्था हाई-स्पीड कॉरिडोर को बिना व्यवधान के सुचारू रूप से संचालित करने में सहायक होगी।’’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत चंबल नदी पर अत्याधुनिक तकनीक से छह-लेन के पुल का निर्माण किया जाएगा, जो अपनी संरचना में विश्व स्तरीय होगा।

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही शिवपुरी को जोड़ने के लिए लगभग 28 किलोमीटर लंबा पश्चिमी बाईपास भी विकसित किया जा रहा है, जिसकी लागत लगभग 1,400 करोड़ रुपये है।

सिंधिया ने कहा कि इससे दिल्ली, ग्वालियर, शिवपुरी और गुना के बीच आवागमन और अधिक सुलभ होगा।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेस-वे और पश्चिमी बाईपास को मिलाकर कुल लगभग 7,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्षेत्र को मिली हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त ग्वालियर में और 600 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक रेलवे स्टेशन का निर्माण भी जारी है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘इन परियोजनाओं से पूरे ग्वालियर-चंबल क्षेत्र का समग्र कायाकल्प होगा और निवेश, रोजगार एवं व्यापार के नए अवसर सृजित होंगे।’’

भाषा सं ब्रजेन्द्र

धीरज

धीरज