जबलपुर में राजमार्ग का हिस्सा धंसा, यातायात प्रभावित
जबलपुर में राजमार्ग का हिस्सा धंसा, यातायात प्रभावित
भोपाल, 23 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेल ओवरब्रिज (आरओबी) की ओर जाने वाली सड़क का एक हिस्सा मरम्मत कार्य के दौरान धंस गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार रात हुई। इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर परिवर्तित किया गया है।
मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के मंडल प्रबंधक राकेश मोरे ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर स्थित आरओबी के जबलपुर-भोपाल संपर्क रोड का एक हिस्सा मरम्मत कार्य के दौरान धंस गया।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है। विशेषज्ञों की निगरानी में मरम्मत एवं बहाली का कार्य जारी है।
मोरे ने बताया कि एनएच-45 का यह खंड 56 किलोमीटर लंबा है और इसका निर्माण कुछ वर्ष पहले करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से किया गया था।
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि एमपीआरडीसी द्वारा निर्मित आरओबी का एक हिस्सा जबलपुर में धंस गया है।
उन्होंने भोपाल में संवाददाताओं से कहा कि निर्माण एजेंसी एक हिस्से में मरम्मत कार्य कर रही थी, इसी दौरान संरचना का एक हिस्सा धंस गया।
मंत्री ने कहा कि ठेकेदार को काली सूची में डाल दिया गया और उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह पुल तीन वर्ष पहले बना था, ऐसा नहीं होना चाहिए था।
मंत्री ने कहा कि जिन अधिकारियों की निगरानी में निर्माण कार्य हुआ, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस घटना को लेकर राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि भोपाल-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से बना ओवरब्रिज मात्र तीन साल में धंस गया।
उन्होंने कहा, “यह घटना सिर्फ निर्माण की विफलता नहीं है, बल्कि सरकार के दावों और जमीनी हकीकत के बीच गहरी खाई को भी उजागर करती है। जिसे विकास का प्रतीक बताया गया था, वह अब मलबे में बदल गया है।”
कमलनाथ ने दावा किया, ‘‘खबरों के अनुसार करीब 200 मीटर हिस्सा धंस गया। पिछले छह माह से जिस लेन में मरम्मत का काम किया जा रहा था, वही धंस गई, जो संरचनात्मक खामी की ओर इशारा करता है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद यातायात चालू रखा गया, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
कमलनाथ ने कहा कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग भोपाल और जबलपुर जैसे दो प्रमुख शहरों को जोड़ता है जिसके बाधित होने से यातायात, व्यापार और आम जनजीवन पर व्यापक असर पड़ेगा।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भोपाल-जबलपुर एनएच-45 का एक हिस्सा दूसरी बार धंसा है।
उन्होंने एक बयान में आरोप लगाया कि भाजपा अब भ्रष्टाचार का पर्याय बन गई है।
पटवारी ने कहा, “आम जनता की गाढ़ी कमाई भाजपा के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है।”
भाषा सं दिमो खारी
खारी

Facebook


