मप्र : इंदौर में रात का पारा लगातार दूसरे दिन 30 डिग्री सेल्सियस, कई जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी

Ads

मप्र : इंदौर में रात का पारा लगातार दूसरे दिन 30 डिग्री सेल्सियस, कई जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 12:30 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 12:30 PM IST

इंदौर, 14 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में भीषण गर्मी के कारण लोगों को सुबह और रात के वक्त भी राहत नहीं मिल पा रही है और दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बृहस्पतिवार को इंदौर में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

यह लगातार दूसरा दिन है, जब इंदौर में न्यूनतम तापमान ने 30 डिग्री सेल्सियस का स्तर छुआ है। शहर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, बृहस्पतिवार को जबलपुर में 29.5 डिग्री सेल्सियस, नर्मदापुरम में 29.4 डिग्री सेल्सियस, उज्जैन में 29.2 डिग्री सेल्सियस, भोपाल में 28.9 डिग्री सेल्सियस, गुना व सतना में 28.7 डिग्री सेल्सियस, रतलाम में 28.6 डिग्री सेल्सियस और सागर में 27.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया “ पश्चिमी मध्यप्रदेश का बड़ा हिस्सा ‘हीट जोन’ में बना हुआ है। अगले 24 घंटों के लिए इंदौर, रतलाम, उज्जैन, धार, देवास और गुना जिलों के वास्ते ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।’

उन्होंने बताया कि ‘ऑरेंज अलर्ट के जरिये इन जिलों में लोगों को अत्यधिक गर्मी के मद्देनजर सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पांडे के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले एक-दो दिन में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है।

भाषा हर्ष मनीषा

मनीषा