इंदौर में भीषण आग हादसे में खाक हुए घर में रसोई गैस के 10 सिलेंडर रखे होने के सुराग मिले : अधिकारी

Ads

इंदौर में भीषण आग हादसे में खाक हुए घर में रसोई गैस के 10 सिलेंडर रखे होने के सुराग मिले : अधिकारी

  •  
  • Publish Date - March 18, 2026 / 05:29 PM IST,
    Updated On - March 18, 2026 / 05:29 PM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 18 मार्च (भाषा) इंदौर में बुधवार तड़के भीषण आग हादसे के दौरान जलकर खाक हुए तीन मंजिला मकान में रसोई गैस के करीब 10 सिलेंडर रखे होने के सुराग मिले हैं और इनमें से कुछ सिलेंडर में हुए धमाकों ने लपटों की विकरालता को बढ़ा दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) को चार्ज किए जाने के दौरान हुए धमाके के बाद लगी आग में एक ही परिवार के दो बच्चों और तीन महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई।

अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में कारोबारी मनोज पुगलिया के घर में बुधवार तड़के चार बजे के आस-पास आग लगी।

उन्होंने बताया, ‘‘जब हम घटनास्थल पर पहुंचे, तो पुगलिया के घर के बाहर खड़ी बिजली से चलने वाली कार जल रही थी और उनके घर में भी भीषण लपटें फैली थीं। जैसे ही हमने पानी की बौछार शुरू की, अचानक जोरदार धमाका हुआ। हम संभल पाते, इससे पहले ही एक और जोरदार धमाके ने हमें चौंका दिया।’’

अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पाए जाने के दौरान पुगलिया के घर से रसोई गैस के पांच सिलेंडरों को सुरक्षित तौर पर बाहर निकाला गया और धमाकों से लगता है कि इस इमारत में कुल 10-11 सिलेंडर रखे थे।

पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुगलिया के तीन मंजिला मकान के बाहर एक कार बिजली से चार्ज की जा रही थी।

उन्होंने कहा, ‘‘चार्जिंग प्वाइंट में धमाका हुआ और इसके बाद कार में लगी आग ने घर को अपनी जद में ले लिया। यह फॉरेंसिक जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि धमाका किस वजह से हुआ।’’

सिंह ने बताया कि घर के दरवाजों पर इलेक्ट्रॉनिक ताले लगे थे और इलाके की बिजली काटे जाने के बाद पुलिस को दरवाजे तोड़कर अंदर जाने में मुश्किल पेश आई, तब तक घर में गहरा धुआं भर चुका था।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि घर में रखे रसोई गैस के सिलेंडरों में भी धमाके हुए जिससे आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मध्यप्रदेश के इंदौर में हुए आग हादसे में लोगों के हताहत होने से मैं अत्यंत व्यथित हूं। मृतकों के परिजन के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) के जरिये हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को दो-दो लाख रुपये और हर घायल को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।

प्रदेश सरकार ने विशेषज्ञों की समिति से इस घटना की विस्तृत जांच कराए जाने और ईवी चार्ज करने के संबंध में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कराए जाने की घोषणा की है।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान तन्मय (छह), राशि सेठिया (12), सिमरन (30), टीनू (35), सुमन सेठिया (60), विजय सेठिया (65), छोटू सेठिया (22) और मनोज पुगलिया (65) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त घर में पुगलिया के करीबी रिश्तेदार भी थे और तीन लोगों को इमारत की जाली तोड़कर बाहर निकाला गया।

भाषा हर्ष जोहेब

जोहेब

शीर्ष 5 समाचार