कोविड-19 : इंदौर हवाई अड्डे पर छह यात्री संक्रमित मिले, दुबई की उड़ान में सवार होने से रोका गया

Ads

कोविड-19 : इंदौर हवाई अड्डे पर छह यात्री संक्रमित मिले, दुबई की उड़ान में सवार होने से रोका गया

  •  
  • Publish Date - January 19, 2022 / 11:39 AM IST,
    Updated On - January 19, 2022 / 11:39 AM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 19 जनवरी (भाषा) इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को त्वरित जांच में तीन महिलाओं समेत छह यात्री कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें एयर इंडिया की इंदौर-दुबई उड़ान में सवार होने से रोक दिया।

स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका कौरव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘इंदौर-दुबई की साप्ताहिक उड़ान के हर यात्री की स्थानीय हवाई अड्डे पर रैपिड आरटी-पीसीआर जांच की जाती है। इस तय प्रक्रिया के मुताबिक आज (बुधवार को) 67 यात्रियों की जांच की गई। इनमें से तीन महिलाएं और तीन पुरुष कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए।’

उन्होंने बताया कि संक्रमितों में इंदौर के चार तथा भोपाल के दो यात्री शामिल हैं। कौरव ने बताया, ‘इनमें से पांच लोगों ने कोविड-19 रोधी टीके की दो-दो खुराक ले रखी हैं,जबकि एक महिला ने महामारी के खिलाफ दो अलग-अलग टीकों की कुल चार खुराक ले रखी हैं।’

चिकित्सा अधिकारी ने बताया, ‘सभी छह संक्रमितों में महामारी के लक्षण नहीं हैं। उन्हें हवाई अड्डे से वापस लौटा दिया गया है और उनके घरों में पृथक-वास में रहने की सलाह दी गई है।’

भाषा हर्ष मनीषा

मनीषा