इंदौर (मध्यप्रदेश), 11 दिसंबर (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक जे. नंद कुमार ने भारत के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर हादसे में निधन को लेकर सोशल मीडिया पर अनर्गल टिप्पणी करने वालों को शनिवार को आड़े हाथ लिया और दावा किया कि इनमें से कुछ को वामपंथी ताकतों का समर्थन हासिल है।
पुलिस ने रावत के बारे में अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर मध्य प्रदेश और गुजरात में कम से कम दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। जनरल रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और 11 अन्य सैन्यकर्मियों की गत 8 दिसंबर को तमिलनाडु में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।
आरएसएस से सम्बद्ध ‘प्रज्ञा प्रवाह’ के संयोजक कुमार ने आजादी के अमृत महोत्सव पर आधारित एक कार्यक्रम के दौरान इंदौर में पत्रकारों से कहा, ‘जनरल रावत के निधन को लेकर सोशल मीडिया पर अनर्गल टिप्पणियां करने वाले लोगों में सबसे ज्यादा पाकिस्तानी नागरिक शामिल हैं। लेकिन ऐसा एक तबका भारत में भी है जिसे वामपंथी विचारधारा से जुड़ी ताकतों का समर्थन हासिल है।’ कुमार ने हालांकि अपने आरोपों के संबंध में कोई प्रमाण नहीं दिया। भाषा हर्ष अमित
अमित