बड़वानी, नौ सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में बुधवार को पुलिस ने अवैध शराब बनाने के लिए तैयार 9,100 किलोग्राम महुआ लहान नष्ट कर दिया और 33 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
राज्य के सागर जिले में जहरीली शराब के सेवन से कई लोगों की मौत के बाद बड़वानी पुलिस ने अभियान चलाकर यह कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने बताया कि पुलिस के दलों ने जिले भर में अवैध शराब के संदिग्ध ठिकानों और निर्माण स्थलों पर एक साथ दबिश दी।
शुक्ल के मुताबिक इस कार्रवाई के दौरान करीब 371 लीटर अवैध शराब जब्त की गई और 9,100 किलोग्राम महुआ लहान मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
महुआ लहान, महुआ के फूलों से तैयार किया गया किण्वित मिश्रण होता है जिसका इस्तेमाल देशी शराब बनाने में किया जाता है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान में 33 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए।
भाषा सं. हर्ष सुरभि
सुरभि