मप्र : महू के पास विस्फोटक गोदाम से 300 किलोग्राम जिलेटिन की छड़ें चोरी, एसआईटी गठित

Ads

मप्र : महू के पास विस्फोटक गोदाम से 300 किलोग्राम जिलेटिन की छड़ें चोरी, एसआईटी गठित

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 06:31 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 06:31 PM IST

इंदौर, नौ सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में अज्ञात बदमाशों ने महू सैन्य छावनी के पास एक निजी फर्म के विस्फोटक सामग्री वाले गोदाम से करीब 300 किलोग्राम जिलेटिन की छड़ें और ‘डेटोनेटिंग फ्यूज’ (विस्फोटक से जुड़ी डोरी जिसका इस्तेमाल दूर से धमाका करने के लिए किया जाता है) चुरा लिये। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच के लिए 15 सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) उमाकांत चौधरी ने संवाददाताओं को बताया कि अज्ञात बदमाशों ने बड़गोंदा थाना क्षेत्र में छह और सात सितंबर की दरम्यानी रात एक निजी फर्म के विस्फोटक सामग्री वाले गोदाम की खिड़की की जाली तोड़ी और करीब 300 किलोग्राम जिलेटिन की छड़ें तथा ‘डेटोनेटिंग फ्यूज’ का 375 मीटर लंबा एक रोल चुरा लिया।

उन्होंने बताया कि निजी प्रतिष्ठान के लिए वर्ष 2014 से लाइसेंस लिया गया है और वहां रखी विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल निर्माण कार्यों और कुएं खोदने जैसे कामों में किया जाता है।

डीएसपी ने बताया कि गोदाम से विस्फोटक सामग्री की कुल 13 पेटियां चुराई गई थीं, लेकिन इनमें से एक पेटी पास की झाड़ियों में पड़ी मिली।

उन्होंने कहा कि विस्फोटक सामग्री की चोरी बहुत गंभीर मामला है और पुलिस संबद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश में जुटी है।

भाषा हर्ष

अमित

अमित